
Bhilai में सूने मकान में चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने सूने मकान में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के कीमती जेवरात बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई जा रही है।
रिश्तेदारी कार्यक्रम में गया था परिवार, चोर ने उठाया फायदा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी शंकर राव पिपलकर निवासी चरोदा, पुरानी भिलाई ने थाना पुरानी भिलाई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 7 दिसंबर 2025 को वह अपने रिश्तेदारी कार्यक्रम में रायपुर गया हुआ था। उसी दौरान किरायेदार भी नया मकान लेने के कारण घर छोड़कर जा चुके थे। 8 दिसंबर की सुबह पड़ोसियों ने मकान का ताला टूटा होने की सूचना दी। रायपुर से लौटकर प्रार्थी ने देखा कि मकान का मुख्य दरवाजा, लकड़ी एवं लोहे की अलमारी टूटी हुई थी।

सोने-चांदी के जेवरात व नकदी पर किया हाथ साफ
जांच में सामने आया कि मकान से सोने-चांदी के जेवरात, बच्चों का बैग तथा नकदी चोरी हो गई थी। वहीं, किरायेदार सुभाषचंद स्वर्णकार के कमरे से भी सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब थी। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 95 हजार रुपये आंकी गई थी। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पुरानी भिलाई में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 493/25 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
संदिग्ध से पूछताछ में हुआ खुलासा
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर भुवनेश्वर डहरिया निवासी चरोदा, पुरानी भिलाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया और बताया कि चोरी की नकदी राशि उसने खर्च कर दी।
आरोपी के कब्जे से दो लाख रुपये के जेवरात बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग ₹2,00,000 है, विधिवत जप्त किए। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण
•नाम: भुवनेश्वर डहरिया उर्फ भक्कू
•उम्र: 22 वर्ष
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇



