
भीषण सड़क हादसे में शिक्षक की मौत के बाद फूटा ग्रामीणों का गुस्सा: जिला अस्पताल का घेराव, पुलिस बल तैनात
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। खुज्जी डेम के पास हुए हादसे में शिक्षक जयराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने जिला अस्पताल का घेराव कर दिया।

रॉन्ग साइड से आ रही कार ने मारी टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, शिक्षक जयराम अपने दो बच्चों के साथ मीना बाजार गौरेला से घर लौट रहे थे। इसी दौरान खुज्जी डेम के पास रॉन्ग साइड से आ रही तेज रफ्तार XUV 300 कार ने तीनों को चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि जयराम का पैर कटकर अलग हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इलाज में लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के बाद जिला अस्पताल में समय पर इलाज नहीं मिला और मौके पर डॉक्टर मौजूद नहीं थे, जिससे जयराम की जान नहीं बचाई जा सकी। साथ ही हादसे के बाद भी कार चालक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई नहीं होने से लोगों का गुस्सा भड़क उठा।
ग्रामीणों का अस्पताल घेराव
घटना के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण जिला अस्पताल पहुंच गए और घेराव किया। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। ग्रामीणों ने दोषी वाहन चालक और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

SDOP का बयान
SDOP गौरेला श्याम सिदार ने बताया कि पेंड्रा थाना क्षेत्र के पदमा-झाबर मार्ग पर यह हादसा हुआ है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को पुलिस ने जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि वाहन चालक के खिलाफ विधिवत और कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पर लगे आरोपों की भी जांच की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



