
Durg: कॉलेज में उत्पात के मामले में एनएसयूआई नेता आकाश कनौजिया गिरफ्तार, नागपुर एयरपोर्ट के पास से दबोचा
दुर्ग। भिलाई नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्याण कॉलेज में शासकीय कार्य में बाधा डालने, उत्पात मचाने और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी एनएसयूआई प्रदेश सचिव एवं भिलाई नगर विधायक प्रतिनिधि आकाश कनौजिया को महाराष्ट्र के नागपुर एयरपोर्ट के पास से गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी दिल्ली फरार होने की फिराक में था।

कॉलेज परिसर में घुसकर किया था हंगामा
पुलिस के अनुसार, आकाश कनौजिया ने कल्याण कॉलेज परिसर में जबरन प्रवेश कर प्राचार्य के साथ दुर्व्यवहार किया था। इस दौरान उसने शासकीय कार्य में बाधा डाली और महत्वपूर्ण शासकीय दस्तावेजों को नुकसान पहुंचाया, जिससे कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया था।
मामला दर्ज होने के बाद था फरार
घटना के बाद भिलाई नगर थाने में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
लोकेशन ट्रेस कर नागपुर में दबिश
तकनीकी साक्ष्यों और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी नागपुर की ओर जा रहा है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नागपुर एयरपोर्ट के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।
न्यायालय में पेशी की तैयारी
फिलहाल आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाने की प्रक्रिया की जा रही है। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



