
छत्तीसगढ़ में रफ्तार का कहर: बाइक को टक्कर मारकर खड़ी ट्रक में जा घुसी कार, दो युवकों की मौके पर मौत और चार गंभीर
बालोद: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में तेज रफ्तार ने एक बार फिर जानलेवा रूप दिखाया है। रविवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

बाइक को मारी टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अर्टिका कार सवार लोग वाहन को किराए पर लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित कार ने पहले एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मारी और फिर कुछ ही दूरी पर सड़क किनारे खड़ी ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के अंदर सवार दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान यस करण और आकाश बोरकर के रूप में की गई है। दोनों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल चार लोगों को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम घायलों का इलाज कर रही है।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



