
Sakti: कोयला टेंडर दिलाने के नाम पर 15 लाख की ठगी का आरोप
पीड़ित ने एसपी से की शिकायत, आरोपी की गिरफ्तारी की मांग
सक्ती जिले से ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। जिले के निवासी किशन शर्मा ने स्थानीय पुलिस अधीक्षक के समक्ष दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन के खिलाफ 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी ने शासन-प्रशासन में प्रभावशाली संबंध होने का दावा कर कोयले का बड़ा टेंडर दिलाने का झांसा दिया और इस बहाने उनसे मोटी रकम ऐंठ ली।

कोयला कारोबार से जुड़ा है पीड़ित
शिकायत के अनुसार, किशन शर्मा कोयले के व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। मार्च 2022 में उनकी मुलाकात दीपक टंडन से हुई थी। इस दौरान दीपक ने खुद को प्रशासनिक स्तर पर मजबूत पकड़ रखने वाला व्यक्ति बताते हुए बड़े कोयला टेंडर दिलाने का भरोसा दिलाया।
टेंडर दिलाने के बदले ली रकम
आरोप है कि दीपक टंडन ने टेंडर दिलाने के एवज में किशन शर्मा से अलग-अलग किश्तों में कुल 15,00,000 रुपये ले लिए। लंबे समय तक इंतजार के बावजूद न तो कोई टेंडर मिला और न ही रकम वापस की गई।
पैसे लौटाने से किया इनकार
पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगा। बाद में संपर्क करने पर उसने रकम लौटाने से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद किशन शर्मा ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत करने का फैसला किया।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
किशन शर्मा ने पुलिस से मामले में तत्काल जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की ठगी से न सिर्फ कारोबारी बल्कि आम लोग भी प्रभावित हो रहे हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



