
बजरंगपुर नवागांव चोरी का खुलासा: 2 घंटे में चिखली पुलिस ने सुलझाया मामला, 5.45 लाख के गहने बरामद
राजनांदगांव | बजरंगपुर नवागांव में दिनदहाड़े हुई बड़ी चोरी का चौकी चिखली पुलिस और सायबर सेल राजनांदगांव ने महज दो घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी में शामिल एक आरोपी और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर चोरी गया पूरी मशरूका बरामद कर ली है।
बाजार जाने के दौरान चोरों ने उड़ाए 5.45 लाख के गहने
प्रार्थिया द्वारा चौकी चिखली में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, दिनांक 12 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 12:30 बजे वह अपनी बहू के साथ बाजार गई थी। करीब 2:00 बजे वापस लौटने पर घर का मुख्य ताला टूटा हुआ मिला। जांच में पाया गया कि अलमारी में रखे 05 मंगलसूत्र, 03 कान की बालियां, नाक की फुल्ली सहित करीब 5 लाख 45 हजार रुपये के सोने के आभूषण चोरी हो चुके थे।

अपराध दर्ज, तुरंत बनी पुलिस टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी चिखली में अपराध क्रमांक 758/2025, धारा 305(ए), 331(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराते हुए चौकी चिखली और सायबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
CCTV फुटेज से खुला राज
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दो संदिग्ध युवक घटना के समय क्षेत्र में घूमते दिखाई दिए। संदेह के आधार पर दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में कबूला जुर्म
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल की। मुख्य आरोपी ने अपना नाम ऐश्वर्य साहू (18 वर्ष) निवासी बजरंगपुर नवागांव बताया, जबकि उसके साथ एक अपचारी बालक भी शामिल था। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए 05 मंगलसूत्र, 03 कान की बालियां, नाक की फुल्ली और नगदी रकम बरामद कर शत-प्रतिशत मशरूका जप्त की गई।

आरोपी जेल, नाबालिग संरक्षणात्मक अभिरक्षा में
वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया, वहीं अपचारी बालक को संरक्षणात्मक अभिरक्षा में भेजा गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



