
भिलाई स्टील प्लांट हादसा: ढाई साल बाद बड़ी कार्रवाई, BSP के 2 अधिकारी और ठेकेदार गिरफ्तार
दुर्ग। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) में ढाई साल पहले हुए दर्दनाक हादसे के मामले में आखिरकार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी से हुई इस घटना में एक ठेका मजदूर की मौत के मामले में बीएसपी के दो वरिष्ठ अधिकारी और एक ठेकेदार को गिरफ्तार किया गया है। मामला भिलाई भट्ठी थाना क्षेत्र का है।

ये है मामला
भिलाई भट्ठी थाना प्रभारी राजेश साहू ने बताया कि 25 अप्रैल 2023 को बीएसपी के एसएमएस-02 स्थित कंटीन्युअस कास्टिंग शॉप के कास्टर नंबर-6 में इक्यूपमेंट कूलिंग पाइप लाइन बदलने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान पाइप शिफ्टिंग के समय आसपास मौजूद ज्वलनशील पदार्थ में अचानक आग लग गई। हादसे में चार ठेका श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए थे, जिन्हें तत्काल सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान मजदूर रंजित सिंह की मौत हो गई थी।
घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। जांच में सामने आया कि हादसा सुरक्षा नियमों की अनदेखी और गंभीर लापरवाही के कारण हुआ। न तो बीएसपी प्रबंधन और न ही संबंधित ठेका कंपनी ने आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए थे।

गिरफ्तार आरोपी
- सुशांता कुमार घोषाल (56) – मुख्य महाप्रबंधक, एसएमएस-02, BSP
- धीरेन्द्र कुमार कुशवाहा (30) – शिफ्ट इंचार्ज (यांत्रिकी), सेक्टर-09
- अभय कुमार (57) – ठेकेदार, मारूति कंस्ट्रक्शन कंपनी
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी जांच जारी है और लापरवाही से जुड़े अन्य जिम्मेदारों पर भी कार्रवाई हो सकती है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



