
कोरबा में अंधविश्वास का खूनी खेल: तांत्रिक पूजा के नाम पर कारोबारी समेत 3 की हत्या, 6 आरोपी सलाखों के पीछे
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तांत्रिक क्रिया के नाम पर किए गए ट्रिपल मर्डर का पुलिस ने खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस सनसनीखेज मामले में स्क्रैप व्यापारी समेत तीन लोगों की जान चली गई, जिन्हें करोड़पति बनाने का झांसा देकर अंधविश्वास के जाल में फंसाया गया था।

जानिए क्या है मामला
पुलिस के अनुसार, 11 दिसंबर की सुबह बरबसपुर स्थित एक फार्महाउस में अशरफ मेमन और दो अन्य युवकों के शव मिले थे। जांच में सामने आया कि तीनों 10 दिसंबर की रात तांत्रिक क्रिया में शामिल होने पहुंचे थे। बिलासपुर निवासी बैगा राजेंद्र कुमार ने दावा किया था कि तंत्र-मंत्र के जरिए वह पांच लाख रुपये लेकर 2.5 करोड़ रुपये बना सकता है। पूजा के दौरान बैगा ने एक-एक कर तीनों को अलग कमरे में बुलाया, उन्हें नींबू देकर अंदर बंद कर दिया गया। करीब 15 से 30 मिनट बाद जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो तीनों की मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच में जहर देकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है।

तांत्रिक समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने पहले मुख्य तांत्रिक समेत तीन आरोपियों को पकड़ा था, जिसके बाद तीन अन्य संदिग्धों की भी गिरफ्तारी की गई। सभी छह आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि यह पूरा मामला अंधविश्वास, लालच और सुनियोजित साजिश का नतीजा है। मामले की गहन जांच जारी है और जरूरत पड़ने पर और गिरफ्तारियां भी की जा सकती हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



