
पशु तस्करी के शक में मॉब लिंचिंग: तीन आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
बालोद। जिले के गुरुर थाना क्षेत्र में पशु तस्करी के शक में भीड़ ने तीन युवकों के साथ बेरहमी से मारपीट की। पीड़ित धमतरी निवासी वेद प्रकाश साहू सहित तीन युवक वैध दस्तावेजों के साथ छह बछड़े टाटा एस वाहन में लेकर करहिभदर मवेशी बाजार जा रहे थे। रात लगभग 11:15 बजे भरदा–पेवरों मार्ग पर कुछ लोगों ने वाहन रोककर उन्हें नीचे उतारा और बेल्ट, डंडे व हाथ-मुक्कों से पीटा। मारपीट के दौरान उनके कपड़े उतारकर अपमानित किया गया और उनके ऊपर पेशाब किया गया।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। गुरुर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। पीड़ितों ने कहा कि शरीर पर मारपीट के निशान स्पष्ट हैं और वे मानसिक रूप से गहरे सदमे में हैं।

साहू समाज जताया कड़ा विरोध
साहू समाज के लोगों ने गुरुर थाना पहुंचकर कड़ा विरोध जताया और चेतावनी दी कि यदि सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और मवेशी ले जाने वाले युवकों के खिलाफ भी पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



