
धान मिंजाई के दौरान दर्दनाक हादसा, पैरावट से गिरकर 6 वर्षीय मासूम की मौत
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में धान मिंजाई के दौरान एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। परिजन धान की मिंजाई में व्यस्त थे, इसी दौरान खेलते वक्त पैरावट से गिरकर 6 वर्षीय मासूम की मौत हो गई।

सिर पर लगी गंभीर चोट
जानकारी के अनुसार, कोरबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लालपुर निवासी नंदलाल पांडव का 6 वर्षीय पुत्र ओम सत्यम घर में धान मिंजाई के दौरान पैरावट पर खेल रहा था। खेलते-खेलते वह पैरावट के ऊपर सिर के बल पलटी मार रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह सीधे सिर के बल जमीन पर गिर पड़ा। गिरने से उसके सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आईं।

गांव में शोक की लहर
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे गंभीर अवस्था में उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। आशंका जताई जा रही है कि सिर पर आई गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हुई। फिलहाल पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वैधानिक कार्रवाई के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



