
Balrampur: तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार युवकों को कुचला, दो की मौके पर मौत
कुसमी-अंबिकापुर मार्ग पर दर्दनाक हादसा
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कुसमी-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसा जनपद कार्यालय के पास हुआ, जहां बस की चपेट में आने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त
पुलिस के अनुसार, हादसा इतना भयावह था कि बाइक का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
दो युवकों की मौके पर मौत
इस हादसे में बाइक सवार सुशील नगेशिया (18 वर्ष) और उसपाल नगेशिया (19 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक ग्राम मोतीनगर के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया।
तीसरा युवक गंभीर, अंबिकापुर रेफर
हादसे में बाइक पर सवार तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अंबिकापुर रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



