
Dhamtari: तालाब किनारे मारपीट में युवक की मौत
मुख्य आरोपी सहित तीन गिरफ्तार, कुरूद पुलिस की त्वरित कार्रवाई
धमतरी। थाना कुरूद क्षेत्र के ग्राम सेमरा बी में बीती 7 दिसंबर की रात हुई मारपीट की गंभीर घटना में 23 वर्षीय युवक रोहित कुमार नाग की मौत हो गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
गाली-गलौज का विरोध करना पड़ा भारी
जानकारी के अनुसार, रात करीब 10 बजे रोहित नाग तालाब किनारे मौजूद था। उसी दौरान कुछ युवक वहां गाली-गलौज कर रहे थे। रोहित ने इसका विरोध किया, जिससे विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते मामला हिंसक रूप ले लिया।

हाथ-मुक्का, लोहे के पाइप और चाकू से किया हमला
विवाद के दौरान आरोपी चंद्रशेखर उर्फ जॉनी साहू, झन्नु ध्रुव एवं उनके अन्य साथियों ने रोहित पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उसे पकड़कर हाथ-मुक्कों, लोहे के पाइप और चाकू से बुरी तरह पीटा। बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों को भी आरोपियों ने एयर पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
उपचार के दौरान मौत
घायल रोहित नाग को तुरंत किश्चन अस्पताल, धमतरी ले जाया गया। उसकी स्थिति बेहद गंभीर थी। इलाज के दौरान 8 दिसंबर की रात 2 बजे रोहित ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध, की त्वरित गिरफ्तारी
घटना की सूचना पर पुलिस सहायता केंद्र धमतरी में मर्ग कायम किया गया और पंचनामा व पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। मर्ग जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 103(1), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध दर्ज कर लिया।
एसपी के निर्देश पर थाना कुरूद की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की जांच जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



