
Jajngir Champa: हसदेव नदी में नहाने गए तीन बच्चे लापता
चाम्पा के हनुमानधारा क्षेत्र में घटना, DDRF और SDRF टीमें रेस्क्यू में जुटीं
जांजगीर। जिले के चाम्पा के हनुमानधारा क्षेत्र में हसदेव नदी में नहाने गए तीन बच्चे लापता हो गए हैं। नदी के किनारे बच्चों की साइकिल, कपड़े, चप्पल और मोबाइल मिलने से आशंका गहरा गई है कि तीनों बच्चे नदी के तेज बहाव में बह गए या डूब गए होंगे। लापता बच्चों में एक एएसआई का बेटा भी शामिल है, जिससे इलाके में चिंता का माहौल है।

घटना के बाद इलाके में अफरा–तफरी
स्थानीय लोगों ने बच्चों के सामान को नदी किनारे देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थिति का जायजा लिया और लापता बच्चों की तलाश शुरू कर दी।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए DDRF की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इसके साथ ही बिलासपुर से SDRF टीम को भी बुलाया गया है, ताकि बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जा सके।
हालांकि अंधेरा होने के कारण देर रात रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी तरह शुरू नहीं हो सका, लेकिन सुबह होते ही टीमें फिर से तलाश तेज करने में जुट गई हैं।
परिजनों में चिंता, पुलिस सतर्क
बच्चों के परिजन व्याकुल हैं और लगातार नदी किनारे मौजूद हैं। पुलिस और बचाव दल लगातार प्रयास कर रहे हैं कि बच्चों को जल्द से जल्द ढूंढा जा सके।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



