
Raipur: ट्रेन पकड़ने आए युवक का अपहरण कर किया यौन शोषण
पिटाई का वीडियो बनाकर मांगी फिरौती, आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। राजधानी रायपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ट्रेन पकड़ने आए मजदूर युवक का अपहरण कर उसके साथ यौन शोषण किया गया। आरोपी ने पीड़ित की पिटाई कर उसका वीडियो भी बनाया और परिजनों से फिरौती की मांग की। किसी तरह वहां से जान बचाकर भागे युवक ने पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सूरत जाने निकला था युवक, रायपुर स्टेशन पर मिला आरोपी
पीड़ित युवक रामानुजगंज का रहने वाला है और मजदूरी करने गुजरात के सूरत जाने के लिए वह रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात आरोपी गोविंद उर्फ गोविंदा धृतलहरे से हुई। आरोपी ने खुद को मददगार बताते हुए युवक को जल्द ट्रेन या बस की कनेक्टिविटी दिलाने का भरोसा दिलाया।

आरोपी बाइक में बैठाकर ले गया सुनसान इलाके में
विश्वास में लेकर आरोपी युवक को बाइक में बैठाकर शहर से दूर एक अज्ञात स्थान पर ले गया। घूमाते-घुमाते उसे एक कमरे में बंद कर दिया, जहां उसने युवक को बंधक बनाकर उसके साथ जबरन यौन शोषण किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसकी बेरहमी से पिटाई की।
पिटाई का वीडियो बनाकर मांगी फिरौती
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पीड़ित की पिटाई का वीडियो बनाकर उसके परिजनों को भेजा और उनसे पैसों की मांग की। आरोपी की धमकियों से परिवार भी दहशत में आ गया था।

किसी तरह भागकर पहुंचा थाने
पीड़ित युवक मौके का फायदा उठाकर किसी तरह वहां से भाग निकला और सीधे पुलिस के पास पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत दर्ज होते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने तकनीकी और मैदानी जांच के आधार पर आरोपी गोविंदा धृतलहरे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ अपहरण, यौन शोषण, मारपीट और फिरौती मांगने सहित गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क और घटना से जुड़े अन्य बिंदुओं की जांच कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



