
Raigarh: अज्ञात वाहन की टक्कर से फैक्ट्री कर्मचारी की मौत
खरसिया थाना क्षेत्र में हुआ हादसा, पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की
रायगढ़। खरसिया थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में एक फैक्ट्री कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना में एक अज्ञात वाहन चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक फरार हो गया।

बाइक से देहजरी जा रहा था युवक
जानकारी के अनुसार, जोबी चौकी क्षेत्र के ग्राम नंगोई निवासी 35 वर्षीय संतोष सारथी किसी फैक्ट्री में कार्यरत था। बुधवार सुबह करीब 11 बजे वह अपनी बाइक से देहजरी की ओर जा रहा था। तभी कोल्ड स्टोरेज के पास अचानक एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संतोष बाइक से गिर पड़ा और उसके सिर व चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चोटों से काफी खून बह चुका था। दुर्घटना के बाद आरोपी वाहन चालक वहां से फरार हो गया। घटना स्थल पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
पुलिस ने शव को भेजा पोस्टमार्टम के लिए
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और संतोष के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। उसकी बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिली।
पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और अज्ञात वाहन व उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



