
बालोद में दर्दनाक हादसा: ईंट भट्ठे की पानी टंकी की दीवार गिरने से दो महिलाओं की मौत, मासूम बच्ची गंभीर
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मंगलवार शाम बड़ा हादसा हो गया। ईंट भट्ठे में ईंट बनाने के लिए बनाई गई पानी टंकी की दीवार अचानक भरभरा कर गिर पड़ी, जिसकी चपेट में आकर दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना डौंडी थाना क्षेत्र के ग्राम चिखिल डेम किनारे की है।

संजीवनी हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने महिलाओं को संजीवनी हॉस्पिटल दल्लीराजहरा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घायल बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है। दल्लीराजहरा पुलिस ने शून्य में मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम कराया है। केस डायरी डौंडी थाना आने के बाद आगे की जांच वहीं से होगी।
बलौदाबाजार की रहने वाली थीं महिलाएं
जानकारी के मुताबिक, मृतक महिलाएं अपने परिवार के साथ ईंट भट्ठे में मजदूरी करने आई थीं। हादसे के वक्त महिलाएं और बच्चे पानी टंकी के नीचे नहाने बैठे थे, तभी अचानक दीवार टूटकर गिर गई।
मृत महिलाओं के नाम—
- चंद्रकला पति निंद कुमार (45 वर्ष)
- आशा बारले पति सूरज बारले (29 वर्ष)
दोनों मूल रूप से बलौदाबाजार जिले की रहने वाली थीं। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है कि दीवार निर्माण में लापरवाही थी या किसी अन्य कारण से हादसा हुआ।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



