
आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट पर बवाल, ब्राह्मण समाज की शिकायत के बाद युवक गिरफ्तार
दुर्ग। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करने को लेकर भिलाई में एक बार फिर विवाद भड़क गया है। सेक्टर-1 निवासी इमरान खान ने ब्राह्मण समाज के खिलाफ एक पोस्ट शेयर की, जिसके बाद सरयूपारीण ब्राह्मण समाज के सदस्य आक्रोशित हो गए। समाज के प्रतिनिधियों ने मंगलवार शाम सेक्टर-6 स्थित भिलाई कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज करते हुए बुधवार को इमरान खान को गिरफ्तार कर लिया।
ब्राह्मणों को कहा था विदेशी और गद्दार
समाज के अध्यक्ष प्रभुनाथ मिश्रा और पूर्व अध्यक्ष राजीव पांडे ने बताया कि दिल्ली के एक मामले से जुड़े पोस्ट में चार आरोपियों को ब्राह्मण समुदाय से जोड़ते हुए पूरे समाज को गद्दार बताया गया था। इसी पोस्ट को इमरान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर कर ब्राह्मणों को विदेशी और गद्दार कहा था। समाज का कहना है कि इससे समुदाय की भावनाएं आहत हुईं और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची।

भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि सरयूपारीण ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष द्वारा की गई शिकायत के आधार पर अज्ञात सोशल मीडिया यूज़र के खिलाफ धर्म विशेष की भावनाएं आहत करने का केस दर्ज किया गया था। मुखबिर की सूचना पर आरोपी इमरान खान की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया है। उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



