
Durg : लूट के फरार आरोपी को छिंदवाड़ा से गिरफ्तार
छिंदवाड़ा में छिपा बैठा था आरोपी, दुर्ग पुलिस ने दबोचा
दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में वर्ष 2020 में हुई लूट की घटना के फरार आरोपी को अंततः 5 साल बाद पुलिस ने छिंदवाड़ा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अरमान खान घटना के बाद पकड़े जाने के डर से शहर छोड़कर छिंदवाड़ा में जाकर बस गया था और वहीं ऑटो चलाकर अपनी पहचान छुपाए हुए था।
2020 में वृद्ध से मारपीट कर लूटी थीं दो बकरियां
घटना 24 सितंबर 2020 की है। महमरा कॉलेज के पास एक वृद्ध प्रार्थी सड़क किनारे अपनी बकरियां चरा रहा था। तभी ऑटो में सवार 4 बदमाश पहुंचे और वृद्ध के साथ मारपीट करते हुए उसकी दो बकरियों को लूटकर ऑटो में डालकर फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने
•सलीम खान उर्फ सोनू,
•आसिफ अली,
•संतोष कुमार साहू
को गिरफ्तार कर लिया था। इनके पास से लूटी गई दोनों बकरियां भी बरामद की गई थीं। लेकिन चौथा आरोपी अरमान खान ऑटो लेकर भाग निकला, जो तब से फरार था।

लगातार तलाश के बाद छिंदवाड़ा से मिला सुराग
पुलिस वरिष्ठ अधिकारियों ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में पुलगांव थाना प्रभारी और अंजोरा चौकी प्रभारी के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। इनपुट मिलने पर टीम छिंदवाड़ा पहुंची, जहां पता चला कि आरोपी अरमान खान ऑटो चलाकर जीवनयापन कर रहा है। बस स्टैंड और अन्य क्षेत्रों में खोजबीन के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने लूट की घटना में शामिल होने की बात कबूल की और बताया कि घटना में प्रयुक्त ऑटो पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में एक एक्सीडेंट केस में जप्त है।
आरोपी को जेल भेजा गया
गिरफ्तार आरोपी अरमान खान (27 वर्ष), निवासी बैल बाजार, छिंदवाड़ा को दुर्ग लाकर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇



