
Bhilai : कल्याण कॉलेज में NSUI का हंगामा, विधायक-प्रतिनिधि समेत 7 पर एफआईआर दर्ज
भिलाई। सेक्टर-7 स्थित कल्याण कॉलेज में मंगलवार को NSUI कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। NSUI प्रदेश सचिव और भिलाई नगर विधायक-प्रतिनिधि आकाश कनौजिया अपने साथियों के साथ कॉलेज परिसर में घुसे और प्रिंसिपल डॉ. विनय शर्मा के साथ दुर्व्यवहार किया। इस पूरे मामले में पुलिस ने प्रिंसिपल की शिकायत पर आकाश कनौजिया समेत 7 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

प्रिंसिपल की नेमप्लेट पर स्याही फेंकी, पर्चे उड़ाए
शिकायत के अनुसार, हंगामे के दौरान NSUI कार्यकर्ताओं ने प्रिंसिपल की नेमप्लेट पर स्याही पोत दी। इतना ही नहीं, उनके कमरे में पर्चे फेंके गए और उन्हें जूते-चप्पलों की माला पहनाने की कोशिश भी की गई। इस दौरान करीब आधे घंटे तक प्रिंसिपल को घेरकर रखा गया।
अनाधिकृत तरीके से कॉलेज में घुसे थे कार्यकर्ता
डॉ. विनय शर्मा ने बताया कि कॉलेज में उस समय परीक्षा फॉर्म परीक्षण और हस्ताक्षर का शासकीय कार्य चल रहा था। तभी पूर्व छात्र आकाश कनौजिया, दीपक पाल, आनंद यदु, पूर्व मानसेवी सहायक प्राध्यापक नितेश गुप्ता, आशीष कालो, भौमित पटेल और अंशुल शर्मा सहित अन्य युवक अचानक कॉलेज परिसर में अनाधिकृत रूप से घुस आए और हंगामा करने लगे।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
प्रिंसिपल की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सभी 7 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद कॉलेज परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



