
अधजली महिला हत्या का 24 घंटे में पर्दाफाश: प्रेम संबंधों के विवाद में प्रेमी ने की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग: दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में मिले अधजले महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने महज़ 24 घंटों में सुलझा ली। पुलिस ने इसे चुनौतीपूर्ण ब्लाइंड मर्डर मानकर जांच शुरू की थी। मामले में आरोपी प्रेमी विजय बांधे (24 वर्ष), निवासी करगाड़ीह, थाना उतई, को गिरफ्तार कर लिया गया है।
घटना का खुलासा
8 दिसंबर की सुबह ग्राम पुरई के खेल मैदान के पास अधजला महिला शव मिलने की सूचना कोटवार केवलदास मानिकपुरी ने पुलिस को दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एएसपी ग्रामीण, डीएसपी पाटन सहित एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और ACCU टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले और गुमशुदा महिला रिपोर्टों की जांच की। इस दौरान पता चला कि थाना सुपेला में उर्मिला निषाद (उम्र 30) की गुमशुदगी दर्ज है। संदिग्ध परिस्थितियों के कारण पुलिस ने सूचक विजय बांधे से पूछताछ की, जिसमें उसका व्यवहार असामान्य पाया गया।
सत्य सामने आने पर आरोपी का कबूलनामा
मनोवैज्ञानिक पूछताछ में विजय ने स्वीकार किया कि वह केटरिंग का काम करता है और मृतिका उर्मिला से पिछले 2–3 वर्षों से उसका प्रेम संबंध था। आरोपी पहले से शादीशुदा था और पत्नी गर्भवती थी। उर्मिला द्वारा शादी का दबाव बनाने, पैसों के लेनदेन विवाद तथा सार्वजनिक रूप से बेइज्जत करने को लेकर आरोपी मानसिक रूप से तनाव में था। इसी कारण उसने हत्या की योजना बनाई।

कैसे अंजाम दी गई वारदात
- आरोपी ने सुपेला हार्डवेयर लाइन से धारदार चापट खरीदा।
- पेट्रोल पंप से बोतल में पेट्रोल लेकर तैयारी की।
- 7 दिसंबर की शाम उर्मिला को “पाटन में शादी कार्यक्रम का काम है” कहकर बाइक से उतई लेकर आया।
- मोमोज-पकोड़े खाने के बहाने सुनसान नहर किनारे मैदान ले गया।
- विवाद बढ़ने पर गले पर चापट से वार कर उर्मिला की हत्या की।
- पहचान मिटाने पेट्रोल डालकर शव को आग लगा दी और पास के पैरा डालकर साक्ष्य नष्ट किए।
- इसके बाद बाइक से अपने गांव करगाड़ीह लौट गया।

पुलिस की कार्यवाही
जांच में आरोपी के खून लगे कपड़े बरामद किए गए और उसे 9 दिसंबर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मृतका की पहचान व हत्या का खुलासा कर मामले को सुलझा लिया। विवेचना जारी है और किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता पाए जाने पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


