March 4, 2026
रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस में लूटपाट: छत्तीसगढ़ी एक्ट्रेस पर हमला, 20 यात्रियों को बनाया निशाना

रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस में लूटपाट: छत्तीसगढ़ी एक्ट्रेस पर हमला, 20 यात्रियों को बनाया निशाना

Jun 21, 2025

रीवा/बिलासपुर: मध्यप्रदेश के रीवा से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जा रही रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस में 20 जून की रात लूटपाट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस दौरान छत्तीसगढ़ी फिल्म एक्ट्रेस ज्योत्सना ताम्रकार के साथ लूट की कोशिश की गई और विरोध करने पर बदमाशों ने उनके चेहरे पर मुक्का मारकर उन्हें घायल कर दिया। एक्ट्रेस ने आरोप लगाया कि घटना के समय ट्रेन में कोई सुरक्षाकर्मी मौजूद नहीं था।

ट्रेन में लूटपाट की वारदात

घटना 20 जून की रात करीब 2 बजे कटनी स्टेशन के पास हुई, जब ट्रेन आउटर पर रुकी थी। ज्योत्सना ताम्रकार ने बताया कि ट्रेन रुकते ही करीब दर्जन भर बदमाश कोच में घुस आए और गेट बंद कर दिया। बदमाशों ने 20 से अधिक यात्रियों को निशाना बनाया और उनके सामान, मोबाइल और पैसे लूट लिए। ज्योत्सना ने बताया कि वह अपनी सीट पर मोबाइल देख रही थीं और उनका बैग सिरहाने पर रखा था। तभी खिड़की के रास्ते लुटेरों ने उनके मोबाइल और बैग छीनने की कोशिश की।

एक्ट्रेस पर हमला, आंख के नीचे चोट

ज्योत्सना ताम्रकार ने बताया कि जब उन्होंने लुटेरे का हाथ कसकर पकड़कर विरोध किया, तो बदमाश ने उनके चेहरे पर मुक्का मार दिया। इस हमले में उनकी आंख के नीचे चोटें आईं।

उन्होंने तुरंत रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर शिकायत दर्ज की, लेकिन मौके पर कोई मदद नहीं मिली। ज्योत्सना ने बताया कि वह दुर्ग की रहने वाली हैं, हाल ही में वह रायपुर में रहती है और छत्तीसगढ़ी फिल्मों में काम करती हैं। वह पारिवारिक काम के सिलसिले में अपनी मौसी के घर रीवा गई थीं और 19 जून की रात 10 बजे रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस में स्लीपर क्लास में सफर कर रही थीं।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

ज्योत्सना ने रेलवे प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि घटना के समय ट्रेन में न तो रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) और न ही जीआरपी का कोई कर्मचारी मौजूद था। उन्होंने आरपीएफ और जीआरपी में शिकायत दर्ज की, लेकिन त्वरित कार्रवाई नहीं हुई। एक्ट्रेस ने कहा कि ऐसी घटनाएं यात्रियों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा करती हैं।

पुलिस और रेलवे की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और रेलवे अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। जीआरपी ने बताया कि वे सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर लुटेरों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक किसी की गिरफ्तारी की खबर नहीं है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने और सहयोग करने की अपील की है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें 👇👇

https://chat.whatsapp.com/IJrppjHVVwT5Q6vKhLAfuT


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix