
आनंद विहार कॉलोनी चोरी कांड का खुलासा—तीन आरोपी गिरफ्तार, गलाए हुए जेवर बरामद
जांजगीर-चांपा। जिले के सिवनी स्थित आनंद विहार कॉलोनी में हुए बड़े चोरी कांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर लिया है। चांपा पुलिस ने चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक खरीदार सोनार भी शामिल है। आरोपियों को कोरबा जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पकड़ा गया।
गलाए हुए सोने–चांदी के जेवर बरामद
पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए जेवरों को आरोपी सोनार ने गलाकर सुरक्षित रखा हुआ था। पूछताछ के बाद उसने जेवर बरामद कराए, जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

8 नवंबर को हुई थी वारदात
घटना 8 नवंबर की रात की है। आनंद विहार कॉलोनी में रहने वाले धनीराम देवांगन परिवार सहित चांपा में भतीजे के दशगात्र कार्यक्रम में गए थे। रात करीब 10:30 बजे जब वे घर लौटे तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला और घर का सामान बिखरा पड़ा था।
अलमारी से गायब थे सोने–चांदी के जेवर
धनीराम ने बताया कि अलमारी में रखे सोने और चांदी के सभी जेवर चोरी हो चुके थे। इसके बाद उन्होंने तुरंत चांपा थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ FIR दर्ज कराई।
सीसीटीवी फुटेज ने खोला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें कुछ संदिग्ध गतिविधियाँ दिखाई दीं। इन्हीं फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंच सकी।
चांपा पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। बरामद जेवरों की पहचान के बाद उन्हें विधिवत रूप से पीड़ित परिवार को सौंपा जाएगा। साथ ही, चोरी की शेष कड़ियों को भी पुलिस तलाश रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



