
Bilaspur.: तखतपुर स्कूल में खेल शिक्षक की करतूत उजागर
बच्चों के शरीर पर मिले चोट के निशान, परिजनों में आक्रोश
बिलासपुर। तखतपुर के विज्डम द ग्लोबल स्कूल में खेल शिक्षक द्वारा मासूम बच्चों के साथ की गई कथित शारीरिक हिंसा का मामला सामने आया है। जब बच्चे घर लौटे तो उनकी पीठ, पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान देखकर परिजन हैरान रह गए। यह घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है।
चोटों के निशान देखकर सन्न हुए परिजन
घटना की शुरुआत तब हुई जब छात्र आयाश अग्रवाल की दादी ने कपड़े बदलते समय उसकी पीठ पर गंभीर चोटों के निशान देखे। पूछताछ करने पर बच्चे ने रोते हुए बताया कि स्कूल के स्पोर्ट्स टीचर ने कई दिनों तक उन्हें पाइप से बेरहमी से मारा।

डर के कारण बच्चों ने छुपाई बात
बच्चों ने बताया कि खेल शिक्षक उनसे लगातार मारपीट करता था, लेकिन डर के कारण वे यह बात किसी को नहीं बता पा रहे थे। परिजनों को चोट के निशान दिखाने के बाद ही यह गंभीर मामला सामने आया।
अभिभावकों ने जताया रोष, कार्रवाई की मांग
आयाश अग्रवाल के पिता अनिल अग्रवाल ने बताया कि शिक्षक की इस हरकत से बच्चे मानसिक रूप से भी डर गए हैं। उन्होंने स्कूल प्रबंधन और पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजन और स्थानीय लोग शिक्षक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि आगे किसी बच्चे को इस तरह की यातना न झेलनी पड़े।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
तखतपुर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस अब शिक्षक और स्कूल प्रशासन से पूछताछ कर रही है। प्राथमिक जांच में आरोप गंभीर पाए जा रहे हैं, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



