
14.60 लाख की लूट निकली फर्जी, एटीएम फ्रेंचाइजी खुद निकला आरोपी
दुर्ग। कुम्हारी पुलिस ने 14 लाख 60 हजार रुपये की कथित लूट का पर्दाफाश करते हुए पता लगाया है कि पूरी कहानी झूठी थी और लूट की साजिश किसी बाहरी गिरोह ने नहीं, बल्कि खुद घटना की रिपोर्ट करने वाले फ्रेंचाइजी आशीष राठौर ने ही रची थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

7 दिसंबर को चरोदा निवासी आशीष राठौर ने थाना कुम्हारी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह हिताची कंपनी का ATM कैश लोडिंग फ्रेंचाइजी है और 06 दिसंबर को 14,60,000 रुपये लेकर कैश लोडिंग के लिए जा रहा था। उसी दौरान कपसदा के पास तीन अज्ञात बदमाशों ने चाकू दिखाकर उससे कैश से भरा बैग लूट लिया।
आर्थिक तंगी से था परेशान
रिपोर्ट पर कुम्हारी पुलिस ने अपराध क्रमांक 239/25 धारा 309(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया और घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की। लेकिन घटनास्थल पर ना तो कोई साक्ष्य मिला और ना ही किसी गवाह ने लूट की पुष्टि की, जिसके बाद पुलिस ने प्रार्थी से सख्ती से पूछताछ की।

पूछताछ में आशीष ने स्वीकार किया कि उसने खुद ही लूट की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आर्थिक तंगी, कमीशन घटने और लोन के बोझ से परेशान होकर उसने सोचा कि लूट की रिपोर्ट के बाद कंपनी को इंश्योरेंस क्लेम आसानी से मिल जाएगा और उसपर दबाव कम हो जाएगा।
पुलिस को लुट की झूठी कहानी बताकर किया गुमराह
आरोपी ने विभिन्न ATM में कैश डालने के बाद अपने सेल्फ-फंडिंग तीन ATM में अतिरिक्त 14.60 लाख रुपये जमा किए और फिर उसी रकम को लूट दिखाकर पुलिस को गुमराह किया। कुम्हारी पुलिस ने आरोपी आशीष राठौर (34 वर्ष) निवासी चरोदा पुरानी भिलाई को गिरफ्तार कर लिया है। प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



