
नवविवाहिता की हत्या का खुलासा, पति, सास समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव। चिखली पुलिस ने नवविवाहिता मोनिका रामटेके की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पति, सास और एक रिश्तेदार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक के पर्यवेक्षण में की गई।

जानकारी के अनुसार, 26 नवंबर 2025 को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री से नवविवाहिता मोनिका को मृत अवस्था में भर्ती कराने की सूचना पुलिस को मिली थी। चिखली पुलिस ने अस्पताल से मिली मेमो सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
वायर से गला कसकर की हत्या
जांच के दौरान परिजनों के बयान, घटनास्थल की पड़ताल और पीएम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने धारा 103(1), 3(5), 238 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। इसके बाद मृतका के पति रवि रामटेके, सास प्रमिला रामटेके और रिश्तेदार अजय उर्फ करन डोंगरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मृतिका के चरित्र पर शंका करते थे और आए दिन उससे विवाद होता था। आरोपियों ने मिलकर सुनियोजित तरीके से 26 नवंबर को दोपहर में सोते समय वायर से गला कसकर उसकी हत्या की।

तीनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस टीम में उप पुलिस अधीक्षक तनुप्रिया ठाकुर, चौकी प्रभारी कैलाश चंद्र मरई सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



