
अडानी पावर प्लांट में 5,800 मीटर केबल चोरी का खुलासा, 5 आरोपियों को तांबे के साथ किया गिरफ्तार
रायपुर। खरोरा थाना पुलिस ने अडानी पावर प्लांट रायखेड़ा में हुई बड़े पैमाने की विद्युत केबल (तांबा) चोरी का पर्दाफाश करते हुए पंजाब के 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया 105 किलोग्राम तांबा, जिसकी कीमत लगभग 2,10,000 रुपये, तथा घटना में प्रयुक्त आरी ब्लेड और वायर कटर बरामद किया है।
3,45,000 रुपये का था केबल
घटना की रिपोर्ट स्टोर्स इंचार्ज द्वारा 6 दिसंबर को दर्ज कराई गई थी, जिसमें बताया गया कि वार्ड-04 से लगभग 5,800 मीटर केबल (कीमत—3,45,000 रुपये) चोरी हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह के निर्देश पर खरोरा पुलिस ने विशेष जांच टीम बनाई।

ये है मामला
जांच के दौरान पुलिस ने संदीप सिंह, राहुल सिंह, दविंदर सिंह, दलप्रीत सिंह और बलविंदर सिंह, सभी निवासी–पंजाब (वर्तमान में ग्राम चिचोली, खरोरा में किरायेदार) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे 30 नवंबर को सुबह 5 बजे प्लांट में घुसे और वायर को टुकड़ों में काटकर तांबा निकाल लिया और उसे अपने किराये के मकान में छिपाकर रखा।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 305(क), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर कोर्ट में पेश किया है। पुलिस का कहना है कि यह संगठित तरीके से की गई चोरी थी और आगे और भी खुलासे संभव हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



