
Manendragarh : फाइनेंस-सब्सिडी दिलाने के नाम पर ₹10 लाख की ठगी, 18 लोगों ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
मनेंद्रगढ़ में फाइनेंस और सरकारी सब्सिडी दिलाने के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। ‘राधा स्वामी’ नामक संस्था से जुड़े एमडी आलम नाम के व्यक्ति ने गांव-गांव जाकर ग्रामीणों को दोपहिया, चारपहिया वाहन और घरेलू सामग्री 40% सब्सिडी पर दिलाने का झांसा दिया। इस योजना में 18 लोगों से करीब 10 लाख रुपये की ठगी की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरोपी संस्था के नाम पर कर रहा था फर्जी योजना का प्रचार
शिकायतकर्ताओं के अनुसार एमडी आलम ‘राधा स्वामी’ संस्था के नाम पर लोगों को योजना का हिस्सा बनाने की कोशिश करता था। वह कहता था कि संस्था के माध्यम से बेहद कम कीमत पर वाहन और आवश्यक घरेलू सामग्री मिल जाएगी। ग्रामीणों का विश्वास जीतने के लिए उसने शुरुआती कुछ लोगों को सामान और वाहन दिलाकर भरोसा भी बनाया।
300 से अधिक ग्रामीण बने निशाना, 18 ने दर्ज कराई शिकायत
शिकायत में बताया गया है कि आरोपी ने कम से कम 300 ग्रामीणों से पैसे लिए, लेकिन उनमें से केवल 18 लोग ही अब तक थाने पहुंचे हैं। बाकी ग्रामीणों को भी धीरे-धीरे ठगे जाने का अहसास हो रहा है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, मुख्य आरोपी फरार
मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने धोखाधड़ी और ठगी के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मुख्य आरोपी एमडी आलम फिलहाल फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस ने लोगों से की अपील
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी सब्सिडी या फाइनेंस योजना के नाम पर बिना जांच पड़ताल के पैसे न दें और किसी संदिग्ध संस्था या व्यक्ति की गतिविधि पर तुरंत जानकारी दें।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



