
Bhilai में सूदखोरी का बड़ा खुलासा BSP कर्मचारी से 3 लाख के बदले 10 लाख वसूले
दुर्ग जिले में सूदखोरी का एक गंभीर मामला सामने आया है। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के एक कर्मचारी ने खुलासा किया है कि जरूरत के वक्त 3 लाख रुपए उधार लेने पर सूदखोरों ने अब तक उससे 10 लाख रुपए से अधिक वसूल लिए। कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

3 लाख उधार, लेकिन वसूली 10 लाख से भी ज्यादा
पीड़ित कर्मचारी के अनुसार उसने फरवरी महीने में प्रदीप नायक नामक व्यक्ति से 3 लाख रुपये उधार लिए थे। प्रदीप नायक शहर में ऊँचे ब्याज पर लोगों को पैसे देने का काम करता है। कर्मचारी का आरोप है कि ब्याज दर इतनी अधिक थी कि कुछ ही महीनों में राशि 10 लाख से पार पहुंच गई।
रिटायरमेंट के पैसे भी छीन लिए
हाल ही में रिटायर हुए कर्मचारी जब बैंक से अपना रिटायरमेंट फंड निकालने पहुंचे, तभी 8–10 लोगों के गिरोह ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि इन लोगों ने दबाव बनाकर वह पूरा पैसा भी ले लिया। पीड़ित ने बताया कि सूदखोरों ने उसकी पत्नी को भी जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की।
सूदखोरों का गैंग सक्रिय, पुलिस जांच में जुटी
मामला भिलाई भट्ठी थाना क्षेत्र का है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्ग जिले में सूदखोरों का एक पूरा गिरोह सक्रिय है। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान और उनकी गतिविधियों की जांच कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



