
Durg : पूर्व जज की बहू ने लगाया मारपीट और दहेज प्रताड़ना का आरोप
दुर्ग जिले में एक पूर्व न्यायाधीश के बेटे और उसके परिवारजनों पर दहेज प्रताड़ना और मारपीट का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता प्रेरणा लुनिया ने महिला थाना दुर्ग में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।
ससुर सेवानिवृत्त न्यायाधीश, परिवार पर गंभीर आरोप
शिकायत के अनुसार, पीड़िता के ससुर अशोक कुमार लुनिया सेवानिवृत्त न्यायाधीश हैं और वर्तमान में कवर्धा जिले में रहते हैं। प्रेरणा ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही ससुराल में उन्हें लगातार कम दहेज लाने का ताना दिया जाता था और 25 लाख रुपये की मांग की जा रही थी।

सात पर नामजद FIR, पति और देवर भी शामिल
महिला ने अपनी शिकायत में कुल 7 लोगों को आरोपी बनाया है। इनमें—
•पति अमन लुनिया
•देवर आयुष लुनिया
•सास सितारा देवी लुनिया
•ससुर अशोक कुमार लुनिया (सेवानिवृत्त न्यायाधीश)
•बड़े ससुर अजय बोथरा
•बड़ी सास लता बोथरा
•व अन्य रिश्तेदार शामिल हैं।
पीड़िता का कहना है कि सभी आरोपियों ने मिलकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया।
धारा 85, 3(5) BNS और दहेज प्रतिषेध अधिनियम में मामला दर्ज
महिला थाना दुर्ग ने शिकायत की गंभीरता को देखते हुए धारा 85, 3(5) BNS तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। प्रेरणा ने यह भी मांग की है कि उनका स्त्रीधन वापस दिलाया जाए और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

जांच शुरू, पुलिस ने कहा—कानूनी कार्रवाई जारी
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच प्रारंभ कर दी गई है और सभी बिंदुओं पर तथ्यों की पुष्टि की जा रही है। संबंधित दस्तावेजों की समीक्षा की जा रही है तथा जल्द आगे की कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇



