
Raipur में भीषण हादसा: शॉर्ट सर्किट से मकान में लगी आग, एक के बाद एक फटे तीन गैस सिलेंडर
गणेश नगर में सुबह उठा धुआं, मचा हड़कंप
रायपुर। राजधानी रायपुर के कचना स्थित गणेश नगर में आज सुबह एक भीषण आगजनी की घटना सामने आई। करीब सुबह 11 बजे मकान से उठता धुआं देख क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी।
शॉर्ट सर्किट से भड़की आग, तेजी से फैली लपटें
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा मकान आग की चपेट में आ गया। अंदर रखे घरेलू सामान को बाहर निकालने तक का मौका नहीं मिल पाया।

एक के बाद एक फटे तीन गैस सिलेंडर
आग की लपटें बढ़ने के साथ ही मकान में रखे तीन गैस सिलेंडर धमाके के साथ फट गए। धमाकों की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि घर की सीमेंट की सीट तक उखड़ कर उड़ गई और पूरा पहला फ्लोर खंडहर में बदल गया। धमाकों की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरा इलाका दहल उठा।
सामान जलकर खाक, करोड़ों का नुकसान होने की आशंका
आग की भयावहता इतनी थी कि घर में रखा लगभग सारा सामान जलकर राख हो गया। मकान में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, फर्नीचर, कपड़े और अन्य आवश्यक वस्तुएं पूरी तरह नष्ट हो गईं। नुकसान का आंकलन अभी जारी है, लेकिन लाखों से लेकर करोड़ों तक का नुकसान अनुमानित है।
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
सूचना मिलते ही कई दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सौभाग्य से इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है। शॉर्ट सर्किट की पुष्टि के लिए तकनीकी जांच की जा रही है। क्षेत्र के लोगों ने बिजली लाइन और ट्रांसफॉर्मर की नियमित जांच की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



