
जेम पोर्टल खरीदी में बड़ा भ्रष्टाचार उजागर, राजीव लोचन महाविद्यालय के प्राचार्य सहित 3 प्रोफेसर निलंबित
गारियाबंद जिले से बड़ी कार्रवाई
गारियाबंद जिले के राजीव लोचन स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजिम में जेम पोर्टल के माध्यम से की गई खरीदी में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है। उच्च शिक्षा विभाग, मंत्रालय रायपुर ने जांच के बाद महाविद्यालय की प्राचार्य सहित 3 प्रोफेसरों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

कौन-कौन हुए निलंबित
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जेम पोर्टल खरीदी में आर्थिक अनियमितताओं के प्रथम दृष्टया प्रमाण मिलने पर जिन अधिकारियों को निलंबित किया गया है, वे हैं—
- डॉ. सविता मिश्रा, प्राचार्य
- डॉ. मोहन लाल वर्मा, सहायक प्राध्यापक
- देवेन्द्र देवांगन, सहायक प्राध्यापक
- मनीषा भोई, सहायक प्राध्यापक
इन सभी को छत्तीसगढ़ भंडार क्रय नियमों का पालन न करने और जेम पोर्टल खरीदी में अनियमितता के आरोपों में निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय क्षेत्रीय अपर संचालक कार्यालय, रायपुर निर्धारित किया गया है।

2 करोड़ से अधिक की गड़बड़ी, जांच कमेटी गठित
सूत्रों के मुताबिक, जेम पोर्टल से सामग्री की खरीद में 2 करोड़ से ज्यादा की गड़बड़ी का मामला सामने आया है।
उच्च शिक्षा विभाग ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की है, जिसके संयोजक डॉ. किशोर कुमार तिवारी, अपर संचालक—उच्च शिक्षा संचालनालय हैं।
जांच में यह भी आरोप सामने आए हैं कि महाविद्यालय के जिम्मेदार अधिकारियों ने बिना निविदा जारी किए अपने चहेतों को लाखों रुपए के कार्य आदेश दे दिए। साथ ही 10 कंप्यूटर की खरीदी में भारी अनियमितता पाई गई है।
अन्य संस्थानों में भी मिली अनियमितताएँ
- जांच में कई अन्य शैक्षणिक संस्थानों में भी वित्तीय अनियमितता की पुष्टि हुई है—
- अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर – 1 करोड़ के टेंडर में गड़बड़ी
- शासकीय कॉलेज, महासमुंद – 1 करोड़ के 36 अलग-अलग कार्य आदेश का मामला
- वीरांगना रमोतीन गवर्मेंट मॉडल कॉलेज, नारायणपुर – एक ही फर्म को 35 लाख का कार्य आदेश
इन मामलों की भी विस्तृत जांच जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



