
कालेज छात्र से एस्कॉर्ट्स सर्विस के नाम पर 91 हजार की ठगी
रायपुर के खमतराई क्षेत्र में एक कालेज छात्र को एस्कॉर्ट्स सर्विस और बदनामी का झांसा देकर अज्ञात जालसाज ने 91 हजार रुपये की ठगी का शिकार बनाया। पीड़ित छात्र ने खमतराई थाने में अज्ञात जालसाज के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। जालसाज ने फर्जी पेमेंट ट्रांसफर का स्क्रीनशॉट भेजकर छात्र को अपने जाल में फंसाया और फिर ब्लैकमेल कर ठगी की।
कैसे दिया ठगी को अंजाम?
सन्यासीपारा निवासी अंकुश सिंह ने पुलिस को बताया कि 11-12 जून की रात एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें कॉल कर खुद को एस्कॉर्ट्स सर्विस से जुड़ा बताया। जालसाज ने दावा किया कि उसने अंकुश के खाते में 13 हजार रुपये ट्रांसफर किए हैं और सर्विस देने के लिए पैसे मांगे। अंकुश ने ऐसी किसी बुकिंग से इनकार किया, लेकिन जालसाज ने दबाव बनाते हुए कहा कि उनके खाते में 13 हजार रुपये ट्रांसफर का मैसेज आया है, जिसे वापस करना होगा।अंकुश ने जब अपने खाते की जांच की, तो उन्हें 13 हजार रुपये का ट्रांसफर मैसेज दिखा। भरोसा कर अंकुश ने जालसाज के बताए खाते में रकम ट्रांसफर कर दी। बाद में जांच करने पर पता चला कि उनके खाते में कोई पैसा आया ही नहीं था।
ब्लैकमेल कर वसूले और पैसे
पैसे ट्रांसफर करने के बाद जब अंकुश ने जालसाज से संपर्क कर रकम वापस मांगी, तो जालसाज ने उल्टा उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। जालसाज ने अंकुश पर एस्कॉर्ट्स सर्विस के जरिए युवतियों से संबंध बनाने का आरोप लगाया और बदनाम करने की धमकी दी। इसके बाद जालसाज ने अलग-अलग खातों में 78 हजार रुपये और ट्रांसफर करवाए। इस तरह कुल 91 हजार रुपये की ठगी की गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
अंकुश की शिकायत पर खमतराई पुलिस ने अज्ञात जालसाज के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जालसाज के कॉल डिटेल्स और बैंक खातों की जानकारी के आधार पर उसकी तलाश कर रही है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें 👇👇
https://chat.whatsapp.com/IJrppjHVVwT5Q6vKhLAfuT



