
गंगालूर मुठभेड़ में सुरक्षाबलों की बड़ी जीत: 12 नक्सली ढेर, DRG के 3 जवान शहीद – इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी
बीजापुर। बीजापुर के गंगालूर इलाके में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई बड़ी मुठभेड़ में 12 नक्सलियों को मार गिराया गया, जबकि DRG के 3 वीर जवान शहीद हो गए। इस मुठभेड़ में दो जवान घायल भी हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है और दोनों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
12 नक्सलियों के शव बरामद
बस्तर रेंज के IG सुंदरराज पी. ने पुष्टि की कि मौके से सभी 12 नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। साथ ही बड़ी संख्या में हथियार भी मिले हैं, जिनमें SLR राइफलें, INSAS, और .303 राइफलें शामिल हैं।

शहीद जवानों में—
- प्रधान आरक्षक मोनू वडाड़ी,
- आरक्षक दुकारू गोंडे,
- जवान रमेश सोड़ी (सभी DRG बीजापुर) शामिल हैं।
कैसे हुई मुठभेड़
एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि DRG, STF, COBRA और CRPF की संयुक्त टीम सुबह 9 बजे से बीजापुर-दंतेवाड़ा बॉर्डर के वेस्ट बस्तर डिवीजन के जंगलों में सर्च ऑपरेशन पर थी। इसी दौरान घने जंगलों में छिपे नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए 12 नक्सलियों को ढेर कर दिया। मौके पर अतिरिक्त फोर्स भेज दी गई है और सर्च ऑपरेशन जारी है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मारे गए नक्सलियों की संख्या और बढ़ सकती है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



