
Jashpur में ट्रक चालक से 13 लाख की कथित लूट, बयान में विरोधाभास से बढ़ा शक
पुलिस सभी एंगल से जांच में जुटी
चार अज्ञात लुटेरों पर आरोप, हाथ–पैर बाँध लूटपाट का दावा
जशपुर। जिले में एक ट्रक चालक ने 13 लाख रुपये की लूट की शिकायत दर्ज कराई है। चालक का कहना है कि वह रांची से माल खाली कर आलू लोड करके लौट रहा था। उसके पास रांची के माल का 13 लाख रुपये भी थे। सुबह बालाछापर के पास ट्रक रोकने पर चार अज्ञात बदमाशों ने उस पर हमला किया, हाथ–पैर बाँध दिए और राशि लूटकर फरार हो गए।

चालक का दावा—डंडे व पत्थर से की गई मारपीट
पीड़ित चालक के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे वह लघु शंका हेतु ट्रक रोककर नीचे उतरा था। तभी पीछे से एक चार पहिया वाहन आकर रुका। उसमें से उतरे चार व्यक्तियों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया, हाथ–पैर बांधे और डंडे व पत्थर से चोट पहुंचाई। इसके बाद ट्रक में रखे 13 लाख रुपये व उसका मोबाइल लेकर भाग गए। चालक का मोबाइल बाद में डोडकचौरा ढाबा के पास मिला।
पुलिस को बयान में दिखे कई विरोधाभास, घटना संदिग्ध
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक का मेडिकल परीक्षण कराया।
- चालक के हाथ–पैर बांधे जाने का दावा, लेकिन शरीर पर कोई निशान नहीं
- डंडे व पत्थर से प्रहार की बात, लेकिन मेडिकल में चोट नहीं
- कथित रूप से गिराए जाने पर भी कपड़े पर ओस, घासफूस या मिट्टी के निशान नहीं
- हाथ बांधने को लेकर चालक के बयानों में लगातार बदलाव
इन वजहों से पुलिस को लूट की कहानी संदिग्ध लग रही है।
सीसीटीवी खंगाले जा रहे, झारखंड तक भेजी गई टीमें
जशपुर पुलिस ने बताया कि सायबर टीम आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें झारखंड की ओर रवाना की गई हैं, ताकि घटना के सत्य तक पहुंचा जा सके।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



