
Durg : तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने दो बच्चों को रौंदा,एक की मौत
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अमलेश्वर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने साइकिल से घर लौट रहे दो मासूम बच्चों को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल होकर वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।

जानकारी के मुताबिक मृतक बच्चे का नाम ताकेश्वर साहू (12) है जो अमलेश्वर का ही रहने वाला था। उसके साथ उसका दोस्त प्रहलाद यदु (10) भी साइकिल से जा रहा था। फॉर्च्यूनर की टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बच्चे लगभग दो फीट हवा में उछल गए और साइकिल सहित करीब 20-30 मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए। प्रहलाद को गंभीर सिर की चोटें आई हैं और उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। परिजन और ग्रामीण सदमे में हैं।
तीन दिन बाद भी FIR दर्ज नहीं, परिजनों में आक्रोश
हादसे को तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन एफआईआर अभी तक दर्ज नहीं की गई है। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही और आरोपी को बचाने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद कार्रवाई न होना बेहद चिंताजनक है।
पुलिस थाने में खड़ी थी आरोपी की कार, फिर भी ले गए
मामले में एक और हैरान करने वाली बात यह है कि परिजनों के अनुसार हादसे के बाद आरोपी की फॉर्च्यूनर कार थाने में खड़ी थी, लेकिन उसे वहां से ले जाया गया। इससे ग्रामीणों में नाराजगी और संदेह और बढ़ गया है।

LIVE वीडियो वायरल, फॉर्च्यूनर की रफ्तार पर उठे सवाल
हादसे का LIVE वीडियो भी सामने आया है, जिसमें फॉर्च्यूनर तेज रफ्तार में आती दिखाई दे रही है। वीडियो देखकर साफ होता है कि वाहन की स्पीड काफी अधिक थी, जिसके कारण टक्कर इतनी घातक साबित हुई।
ग्रामीणों ने कड़ी कार्रवाई की मांग की
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने कड़ी कार्रवाई, त्वरित एफआईआर और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय पर जांच और कार्रवाई नहीं की गई तो वे बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



