
Raigarh: राबो–बिलासखार मार्ग पर भीषण सड़क हादसा,दो युवकों की मौके पर मौत, दो गंभीर घायल
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के राबो–बिलासखार मार्ग पर केटीएम और स्प्लेंडर बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों बाइकों पर सवार अन्य दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग बनी हादसे की वजह
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह लगभग 9 बजे दोनों बाइकें तेज रफ्तार में थीं। ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान एक बाइक का संतुलन बिगड़ा और देखते ही देखते दोनों वाहन एक-दूसरे से भिड़ गए। सड़क पर बिखरे वाहन के पुर्जों ने हादसे की गंभीरता को साफ दर्शाया।

ग्रामीणों ने संभाली स्थिति, लेकिन बच न सके दो युवक
टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। लेकिन तब तक स्प्लेंडर पर सवार दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। ग्रामीणों ने तुरंत घायलों को सड़क किनारे से हटाकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया और सूचना पुलिस को दी।
घायलों को अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच जारी
गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को 108 एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बाइक को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग को हादसे का मुख्य कारण बताया जा रहा है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



