
Balod में ट्रक ने बुजुर्ग महिला को कुचला, मौत
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ ट्रक चालक की लापरवाही के कारण 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम मेढ़की की है।
ग्राम सभा में जा रहीं थीं बुजुर्ग महिला
जानकारी के अनुसार, मृतका बाई साहू (75) ग्राम सभा में शामिल होने घर से निकली थीं। वह जैसे ही कला मंच के पास पहुँचीं, उसी समय तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

ग्रामीणों ने चिल्लाया, पर चालक नहीं रुका
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक की टक्कर के बाद ग्रामीणों ने जोर-जोर से चिल्लाकर चालक को गाड़ी रोकने के लिए कहा, लेकिन उसने गाड़ी रोकने के बजाय रिवर्स कर दी, जिससे महिला ट्रक के टायर के नीचे घसीटती चली गई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक के इस व्यवहार ने पूरे गांव में आक्रोश फैला दिया।
पुलिस ने चालक के खिलाफ केस दर्ज किया
घटना की सूचना मिलते ही बालोद पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने व गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

गांव में शोक, न्याय की मांग
इस हृदयविदारक घटना के बाद मेढ़की गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने ट्रक चालक की तत्काल गिरफ्तारी और क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण की मांग की है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



