
Raipur रेलवे स्टेशन के बाहर 2 साल की मासूम लापता
रायपुर रेलवे स्टेशन के सामने सड़क से एक 2 साल की बच्ची रहस्यमय तरीके से गायब हो गई। घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है, जिसमें एक संदिग्ध महिला बच्ची को गोद में लेकर जाते हुए दिखाई दे रही है। परिवार ने आठ दिन पहले थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक बच्ची का कोई पता नहीं चल सका है।

पत्नी से विवाद के बाद बच्ची को लेकर रायपुर आया था पिता
जानकारी के अनुसार, डोंगरगढ़ निवासी प्रशांत भट्ट का घर में विवाद हुआ था। झगड़े के बाद वह अपनी 2 साल की बेटी अंशिका को लेकर रायपुर आ गया। बताया गया है कि प्रशांत नशे की स्थिति में स्टेशन परिसर के पास भटक रहा था, इसी दौरान किसी ने उसकी बच्ची को उठा लिया।
सीसीटीवी में बच्ची को ले जाती दिखी महिला
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक महिला बच्ची अंशिका को गोद में लेकर पैदल जाती दिख रही है। संदिग्ध महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस इसे अपहरण की आशंका से जोड़कर जांच कर रही है।
जीआरपी ने दर्ज किया केस, पर अभी तक नहीं मिला सुराग
परिवार की शिकायत के आधार पर जीआरपी रायपुर ने अपहरण का मामला दर्ज किया है, लेकिन घटना के आठ दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। बच्ची का न कोई ठिकाना पता चला और न ही संदिग्ध महिला का।
परिवार की अपील—बच्ची को सुरक्षित खोजने में मदद करें
बच्ची के पिता और परिवार ने प्रशासन व आम नागरिकों से मदद की अपील की है। उनका कहना है कि सीसीटीवी में दिखी महिला की पहचान कर बच्ची को जल्द से जल्द खोजा जाए।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



