
Bilaspur: शादी की खुशियां मातम में बदली, बिल्हा के खपरी गांव में चाकूबाजी, युवक की मौत—भतीजा घायल
नाचते-नाचते शुरू हुआ विवाद, बढ़ते-बढ़ते पहुंचा खूनी संघर्ष तक
बिलासपुर। बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम खपरी में शादी समारोह के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी भिड़ंत में बदल गया। देर रात चाकूबाजी और मारपीट की इस घटना में 21 वर्षीय युवक कुश यादव की मौत हो गई, जबकि उसका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना ने पूरे गांव में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
दोस्त की शादी में शामिल होने गया था कुश यादव
जानकारी के मुताबिक, ग्राम खपरी निवासी कुश यादव अपने पिता के साथ ऑटो चलाने का काम करता था। वह अपने दोस्त बादल निषाद की शादी में शामिल होने गया था। शादी में चुलमाटी के दौरान कुश, बादल के परिवार के साथ गांव में घूमते और नाचते हुए जब भीम पटेल के घर के पास पहुंचे, तो वहां आशीक निषाद, देव यादव, संदीप निषाद, ओम पटेल, गोल्ठा निषाद सहित कई युवक नाच रहे थे। कुश भी उनके साथ नाचने लगा।

छोटा विवाद बढ़ा, मारपीट और चाकूबाजी में बदल गया हमला
नाचते समय युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो कुछ ही पलों में गंभीर विवाद में बदल गई। आरोप है कि कुछ युवकों ने कुश और उसके भतीजे पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। घायल अवस्था में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां कुश की मौत हो गई। उसका भतीजा अभी इलाजरत है।
चार आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
घटना की जानकारी मिलते ही बिल्हा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में हत्या, मारपीट और बलवा की धाराओं में अपराध दर्ज किया। पुलिस ने 5 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है, जिनमें से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपियों में से एक अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



