
तेज रफ्तार का कहर! जांजगीर-चांपा में बस–कार की भिड़ंत, 25 से अधिक यात्री घायल, 8 की हालत गंभीर
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शुक्रवार शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बस और कार की आमने-सामने भिड़ंत में बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में 25 से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जबकि 8 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। कार में सवार तीन पत्रकार भी जख्मी हुए हैं।
व्यासनगर के पास हुआ हादसा
यह दुर्घटना मुलमुला थाना क्षेत्र के व्यासनगर के पास हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस पलटते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।

गंभीर घायलों को किया गया रेफर
सूचना मिलते ही मुलमुला पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को पामगढ़ CHC अस्पताल भेजा। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए बड़े चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया जा रहा है।
कार में सवार पत्रकार भी घायल
बताया जा रहा है कि कार में तीन पत्रकार सवार थे, जो दुर्घटना में घायल हुए। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।

बस शिवरीनारायण से बिलासपुर जा रही थी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस शिवरीनारायण से बिलासपुर की ओर जा रही थी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बस में कुल कितने यात्री सवार थे और हादसा किस वजह से हुआ—अति तेज रफ्तार या किसी अन्य कारण से।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



