
Durg : आशाराम बापू आश्रम के सामने हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र अन्तर्गत आशाराम बापू आश्रम के सामने 29 अक्टूबर 2025 को शराब पीने की बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आहत रोशन ढीमर और आरोपी हरीश चन्द्र साहू के बीच कहासुनी बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान आरोपी ने बांस के डंडे से रोशन ढीमर के सिर और कंधे पर जोरदार वार किए, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजनों द्वारा घायल को शंकराचार्य अस्पताल, जुनवानी भिलाई में भर्ती कराया गया।

मेडिकल रिपोर्ट : समय पर उपचार न होने पर मृत्यु संभव
जांच के दौरान पुलिस ने घायल का बेडहेड टिकट एवं अन्य मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त की। डॉक्टरों द्वारा दिए गए अभिमत में बताया गया कि आहत के सिर और कंधे पर आई चोटें गंभीर प्रकृति की थीं, जिनमें समय पर उपचार न मिलने पर मौत होने की संभावना थी। इसी आधार पर पुलिस ने प्रकरण में हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी।

पुलिस की कार्रवाई : आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया
विवेचना के बाद सुपेला पुलिस ने आरोपी हरीश चन्द्र साहू (49 वर्ष), निवासी नेहरू नगर पूर्व, थाना सुपेला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी जप्त किया गया है।
मामले का अपराध पंजी
•अपराध क्रमांक : 1320/2025
•धारा : 296, 115(2), 351(3), 109(1) बीएनएस
•आरोपी : हरीश चन्द्र साहू पिता कन्हैया साहू, उम्र 49 वर्ष
पुलिस टीम का योगदान
इस कार्रवाई में निरीक्षक विजय कुमार यादव एवं सुपेला थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇



