सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने सोशल मीडिया में दहशत फैलाने की कोशिश करने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी सार्वजनिक स्थान पर आवागमन अवरुद्ध कर मोटरसाइकल पर केक रखकर लोहे के धारदार चाकू से केक काटते हुए वीडियो बना रहे थे और उसे इंस्टाग्राम में अपलोड कर रहे थे। इस कृत्य के दौरान दो विधि से संघर्षरत् बालक भी शामिल पाए गए।

सार्वजनिक स्थान पर कट्टा/चाकू लहराते हुए वीडियो बनाकर पोस्ट किया
दिनांक 27 नवंबर 2025 को आरोपियों—अंकित कुरील, अशोक मालापुर, प्रेम चंद्राकर और दो बालकों—ने मिलकर वर्मा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इलेक्ट्रिक दुकान के सामने, रविदास मंदिर के पास मोचीपारा दुर्ग की मुख्य सड़क पर मोटरसाइकिल खड़ी कर आवागमन बाधित किया।
इसी दौरान उन्होंने जन्मदिन मनाते हुए केक को लोहे के धारदार चाकू से काटा और चाकू लहराते हुए वीडियो बनाया। इस वीडियो को सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर लोगों में दहशत फैलाने का प्रयास किया गया।
आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज, चाकू जप्त
घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 126(2), 191(2) BNS तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। पतासाजी के बाद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपराध कबूल लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लोहे का धारदार चाकू जप्त कर लिया।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। दो विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
1.अंकित कुरील, उम्र 18 वर्ष 2 माह, मोचीपारा दुर्ग
2.अशोक मालापुरे, उम्र 35 वर्ष, मोचीपारा दुर्ग
3.प्रेम चंद्राकर, उम्र 22 वर्ष, मोचीपारा दुर्ग
4.दो विधि से संघर्षरत बालक