
20 साल बाद भारत को मिली 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी, अहमदाबाद बनेगा होस्ट
नई दिल्ली। भारत को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेलों के सबसे बड़े आयोजनों में से एक कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की मेजबानी का अधिकार मिला है। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स एग्जीक्यूटिव बोर्ड की बैठक के बाद बुधवार को अहमदाबाद को आधिकारिक रूप से होस्ट सिटी घोषित कर दिया गया। भारत 20 साल बाद इन खेलों की मेजबानी करेगा। इससे पहले 2010 में नई दिल्ली में कॉमनवेल्थ गेम्स आयोजित हुए थे, जिसमें भारत ने 38 गोल्ड सहित 101 मेडल जीते थे।

अहमदाबाद में खेल आयोजन के लिए पिछले कई वर्षों से बड़े पैमाने पर खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर को विकसित किया जा रहा है। मुख्य आयोजन स्थलों के रूप में नरेंद्र मोदी स्टेडियम, नारणपुरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और सरदार वल्लभभाई पटेल स्पोर्ट्स एंक्लेव को प्रस्तावित किया गया है। खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी तेज कर दी गई है।
नाइजीरिया से कड़ी टक्कर के बाद जीता आयोजन का अधिकार
2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की दौड़ में भारत को नाइजीरिया के अबुजा से कड़ी चुनौती मिली, लेकिन बुनियादी ढांचा, पिछला रिकॉर्ड और दीर्घकालिक विजन भारत की दावेदारी के पक्ष में रहा।

ओलंपिक 2036 की तैयारी को मिलेगा बड़ा बढ़ावा
कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी मिलना भारत की ओलंपिक गेम्स 2036 की दावेदारी को भी मजबूत करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही औपचारिक रूप से ओलंपिक आयोजन की इच्छा जता चुके हैं। पिछले वर्ष नवंबर में भारत ने 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए आधिकारिक दावा भी पेश किया था।
कॉमनवेल्थ गेम्स का 100वां वर्ष
खास बात यह है कि 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स इस आयोजन के 100 वर्ष पूरे होने का प्रतीक होंगे। इसकी शुरुआत 1930 में कनाडा के हैमिल्टन से हुई थी। पहले इसे ब्रिटिश एम्पायर गेम्स कहा जाता था, जिसका नाम 1978 में बदलकर कॉमनवेल्थ गेम्स कर दिया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



