
Raipur में Cyber फ्रॉड का बड़ा खुलासा, बंगाल से आरोपी गिरफ्तार
आईजी अमरेश मिश्रा के निर्देश पर कड़ी कार्रवाई जारी
रायपुर। आईजी अमरेश मिश्रा के निर्देशानुसार साइबर फ्रॉड में शामिल आरोपियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस ने एक बड़े ऑनलाइन ठगी के मामले का खुलासा किया है, जिसमें आरोपी पीड़ित के बैंक खाते से लाखों रुपए उड़ा ले गया था।

गूगल सर्च के जरिए ठगी का जाल
प्रार्थी संजय साहनी, निवासी शंकर नगर (थाना सिविल लाइन), भारतीय स्टेट बैंक का नया एटीएम कार्ड बनवाने के लिए गूगल सर्च इंजन पर जानकारी खोज रहे थे। सर्च में मिले एक मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद उन्हें एक ऐप डाउनलोड करवाया गया।
आरोपी ने पुराने एटीएम कार्ड के अंतिम छह अंक पूछकर ऐप के जरिए पीड़ित के खाते से 8 लाख रुपए निकाल लिए।
थाना सिविल लाइन में अपराध दर्ज
पीड़ित की शिकायत पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 496/24, धारा 318(4) BNS, 66(C) व 66(D) IT Act के तहत अपराध दर्ज किया गया। मामले की विवेचना रेंज साइबर थाना रायपुर को सौंपी गई।
तकनीकी जांच से आरोपी की पहचान
पुलिस ने गूगल, बैंक और मोबाइल सेवा प्रदाताओं से जानकारी एकत्र कर तकनीकी विश्लेषण किया। इसके बाद आरोपी की पहचान अब्दुल्ला लश्कर, निवासी 24 परगना (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई।
पश्चिम बंगाल में दबिश, आरोपी गिरफ्तार
योजनाबद्ध तरीके से पश्चिम बंगाल में रेड कर आरोपी अब्दुल्ला लश्कर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी पर हरियाणा और उत्तराखंड में भी साइबर फ्रॉड के अपराध दर्ज हैं।
अन्य बैंक खातों की जानकारी मिली
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में कई अन्य बैंक खातों की जानकारी मिली है। आरोपी के मोबाइल फोन की जांच जारी है, जिससे बड़े नेटवर्क के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



