
Durg : मोबाइल से ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग जिले में अवैध आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने चलाए जा रहे अभियान के तहत सुपेला थाना क्षेत्र की स्मृतिनगर चौकी तथा एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा चलाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोबाइल, मोटरसाइकिल और नकदी सहित कुल 1,66,940 रुपए का मसरूका जब्त किया है।

सूचना पर टीम ने मारी दबिश, तीनों आरोपी मौके से पकड़े गए
25 नवंबर 2025 को पुलिस को सूचना मिली कि टाटा लाइन कोहका क्षेत्र में राकेश कुमार सिंह नाम का व्यक्ति मोबाइल फोन के माध्यम से सट्टा पट्टी लिख रहा है। जानकारी मिलते ही एसीसीयू और स्मृतिनगर चौकी की संयुक्त टीम ने रेड कार्रवाई की और मौके पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी इस प्रकार हैं—
1.राकेश कुमार सिंह, पिता राम अवतार सिंह, उम्र 45 वर्ष, निवासी टाटा लाइन कोहका
2.टीका राम साहू, निवासी ग्राम डुण्डेरा, शंकर नगर
3.राजरत्न नागदेवते, निवासी सेक्टर-04, भिलाई
मोबाइल में मिला लाखों का सट्टा लेन-देन का रिकॉर्ड
पुलिस द्वारा आरोपियों के मोबाइल चेक करने पर उसमें सट्टा पट्टी लिखने और ऑनलाइन सट्टा संचालन से जुड़े लाखों रुपए के लेन-देन का डिजिटल रिकॉर्ड मिला। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और नकद 86,940 रुपए बरामद किए गए।

तीनों आरोपी भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यरत
जांच में खुलासा हुआ कि गिरफ्तार तीनों आरोपी भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यरत हैं।
•आरोपी राजरत्न नागदेवते संयंत्र में नियमित कर्मचारी है।
•आरोपी राकेश सिंह और टीका राम साहू ठेका श्रमिक के रूप में कार्यरत पाए गए।
एसीसीयू और स्मृतिनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
इस पूरे मामले में स्मृतिनगर चौकी पुलिस एवं एसीसीयू यूनिट भिलाई की संयुक्त टीम का सराहनीय योगदान रहा, जिसकी बदौलत ऑनलाइन सट्टेबाजी में शामिल कर्मचारियों के गिरोह का पर्दाफाश हो सका।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇



