
छत्तीसगढ़ में बिजली विभाग का बड़ा एक्शन: स्मार्ट मीटर से एक ही क्लिक में 796 कनेक्शन कटे, शहर में हड़कंप
बिलासपुर। समय पर बिजली बिल नहीं भरने वाले उपभोक्ताओं पर छत्तीसगढ़ विद्युत वितरण कंपनी ने कड़ा कदम उठाया है। सोमवार सुबह 10 बजे ओएंडएम सर्किल के बिलासपुर, मुंगेली और पेंड्रा डिवीज़न में 796 बकायादारों के कनेक्शन सीधे स्मार्ट मीटर के जीपीएस सिस्टम से काट दिए गए। कार्रवाई इतनी अचानक हुई कि घरों और दुकानों में बिजली गुल होते ही लोगों में हड़कंप मच गया।
कनेक्शन बंद करने के लिए मौके पर जाने की जरूरत नहीं
स्मार्ट मीटर तकनीक के कारण अब कर्मचारियों को कनेक्शन बंद करने के लिए मौके पर जाने की जरूरत नहीं होती। रायपुर स्थित सर्वर रूम से मात्र एक क्लिक पर बिजली सप्लाई रोक दी गई। कनेक्शन कटते ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता बिल जमा कराने ऑफिस पहुंचे।

एक दिन में 28 लाख रुपये की वसूली
पहले ही दिन 260 उपभोक्ताओं ने बकाया राशि जमा की, जिससे विभाग को करीब 28 लाख रुपये की वसूली हुई। बाकी उपभोक्ताओं को भी भुगतान के बाद कनेक्शन बहाल किया जाएगा। बिना भुगतान कनेक्शन दोबारा जोड़ने पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होगी।
पहले SMS रिमाइंडर भेजे जाते है
विभाग के अनुसार स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं को बिल भुगतान न करने पर तीन दिन तक लगातार SMS रिमाइंडर भेजे जाते हैं। इसके बाद ही डिस्कनेक्शन की कार्रवाई की जाती है। आने वाले समय में इन स्मार्ट मीटरों को प्रीपेड सिस्टम में बदले जाने की भी तैयारी है, जिससे बकाया की समस्या स्थायी रूप से खत्म हो जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



