
यमुना एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी: 14 यात्री गंभीर रूप से घायल, चालक-परिचालक फरार
ग्रेटर नोएडा। दनकौर क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में 60 यात्री सवार थे, जिनमें से 14 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह बस दिल्ली से बनारस जा रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस और यमुना एक्सप्रेसवे कर्मी मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को ग्रेटर नोएडा के जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। राहत की बात यह रही कि बस एक्सप्रेसवे से नीचे नहीं गिरी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

चालक और परिचालक मौके से फरार
पुलिस के अनुसार, बस में क्षमता से अधिक सवारियां होने के कारण उसका संतुलन बिगड़ा और हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश जारी है।

14 लोगों की हालत गंभीर
घटना के वक्त बस में महिलाएं, बच्चे और पुरुष सहित कुल 60 लोग मौजूद थे। कई यात्रियों को हल्की चोटें आने के बाद इलाज देकर घर भेज दिया गया है, जबकि 14 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



