
Raipur में पुलिस का विशेष अभियान: 256 से अधिक चाकूबाजों व बदमाशों को तलब, परेड कर दी गई कड़ी समझाईश
रायपुर पुलिस ने अपराधियों पर शिकंजा कसने और शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से बड़ा कदम उठाया है। आगामी वीवीआईपी/वीआईपी आगमन और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में शहरभर में एक विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें 256 से अधिक चाकूबाजों और बदमाशों को थानों में तलब कर उनकी परेड कराई गई तथा उन्हें सख्त समझाईश दी गई।

व्ही.आई.पी/व्ही.व्ही.आई.पी दौरे व अंतरराष्ट्रीय मैच को देखते हुए अभियान तेज
रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री अमरेश मिश्रा और पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने सभी थाना प्रभारियों व राजपत्रित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय चाकूबाजों और अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए। शहर में आगामी उच्च स्तरीय कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना पुलिस की प्राथमिकता है।
थानों व सी-04 भवन के पास कराई गई अपराधियों की परेड
25 नवंबर को सभी थाना प्रभारियों ने अपने क्षेत्र के 256 से अधिक चाकूबाजों और बदमाशों को थानों और सी-04 भवन के पास बुलाकर उनकी परेड कराई। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि वे आपराधिक गतिविधियों से दूर रहें और समाज में शांति बनाए रखें। अपराधियों को यह भी निर्देशित किया गया कि पुलिस द्वारा बुलाए जाने पर तत्काल उपस्थित हों और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

कानूनी कार्रवाई: 96 आरोपियों पर केस दर्ज
अभियान के दौरान 256 लोगों में से—
•09 आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई,
•87 अपराधियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया।
शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम
रायपुर पुलिस द्वारा चलाए गए इस व्यापक अभियान ने न सिर्फ अपराधियों में भय का वातावरण बनाया है, बल्कि नागरिकों में भी सुरक्षा की भावना को मजबूत किया है। आगामी कार्यक्रमों व मैच को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस लगातार सख्त निगरानी और तत्परता के साथ कार्य कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇



