
रायपुर के कारोबारी ने तोमर बंधुओं के खिलाफ दर्ज करवाई FIR
सूदखोरी और ब्लैकमेलिंग के मामलों में बदनाम तोमर ब्रदर्स पर पांच माह में दर्ज हुआ आठवां केस
रायपुर। राजधानी रायपुर में आपराधिक गतिविधियों के लिए कुख्यात तोमर बंधुओं—वीरेंद्र तोमर उर्फ रूबी और रोहित तोमर—के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया गया है। शहर के शंकर नगर निवासी व्यापारी संजय चांडक ने देवेंद्र नगर थाने में ब्लैकमेलिंग और ठगी को लेकर शिकायत की है। यह मामला इस वर्ष पिछले पांच महीनों में दोनों भाइयों पर दर्ज आठवां केस बन गया है, जो उनकी बढ़ती दबंगई और अवैध गतिविधियों को उजागर करता है।

शिकायत के अनुसार, 8 अगस्त 2021 को वीरेंद्र तोमर अपने परिवार के साथ चांडक की दुकान पर आया था। उसने अपने नए घर के लिए पर्दे, बेडशीट, सोफा कवर सहित कई घरेलू सामान खरीदे। बाद में वह दोबारा भी दुकान पहुंचा और कुल मिलाकर करीब 10.50 लाख रुपये का सामान ले गया। व्यापारी ने बताया कि तोमर बंधुओं ने भुगतान नहीं किया और एक साल तक फोन करने पर गुमराह करते रहे। जब व्यापारी ने बार-बार पैसे मांगे, तो वीरेंद्र ने उसे धमकाना शुरू कर दिया।
डर की वजह से संजय चांडक लंबे समय तक चुप रहे, लेकिन हाल ही में वीरेंद्र की गिरफ्तारी के बाद उन्होंने हिम्मत जुटाकर पुलिस में मामला दर्ज करवाया। पुलिस रिकॉर्ड की मानें तो इससे पहले भी दोनों भाइयों के खिलाफ सूदखोरी, मारपीट, वसूली और ब्लैकमेलिंग से जुड़े कई केस दर्ज हो चुके हैं। तेलीबांधा थाने में रोहित तोमर के खिलाफ मारपीट का मामला भी दर्ज है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के आपराधिक इतिहास को ध्यान में रखते हुए कड़ी कार्रवाई की तैयारी में है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



