March 2, 2026
MSP स्टील प्लांट में मजदूर की मौत के बाद बवाल: 50 लाख मुआवजा और नौकरी की मांग पर धरना, भारी पुलिस बल तैनात

MSP स्टील प्लांट में मजदूर की मौत के बाद बवाल: 50 लाख मुआवजा और नौकरी की मांग पर धरना, भारी पुलिस बल तैनात

Nov 25, 2025

रायगढ़। जिले के जामगांव स्थित MSP स्टील प्लांट में सोमवार को हुए दर्दनाक हादसे के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। कन्वेयर बेल्ट में फंसकर मजदूर लक्ष्मण साहू की मौत के बाद परिजन और ग्रामीणों ने मंगलवार को प्लांट के मुख्य गेट पर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा, एक सदस्य को स्थायी नौकरी और बच्चों की पढ़ाई की पूरी जिम्मेदारी लेने की मांग की है।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार अमोरा (जांजगीर) निवासी लक्ष्मण साहू अपनी शिफ्ट में कन्वेयर बेल्ट पर प्लेट चिपका रहा था। आरोप है कि उसी समय बेल्ट चालू थी, जिसके कारण उसका हाथ मशीन में फंस गया और पूरा शरीर तेजी से अंदर खिंचता चला गया। गंभीर रूप से घायल लक्ष्मण की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई।

सुरक्षा में लापरवाही के आरोप

हादसे के बाद कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि प्लांट में औद्योगिक सुरक्षा मानकों की लंबे समय से अनदेखी हो रही है। मजदूरों का आरोप है कि यदि बेल्ट बंद कर काम कराया जाता तो यह दुर्घटना टल सकती थी। कर्मचारियों ने बताया कि इससे पहले भी सुरक्षा उपकरणों की कमी के कारण कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रबंधन ने कभी सुधार नहीं किया।

परिजनों ने की ये मांगें

मृतक के परिवार और ग्रामीणों ने कहा कि लक्ष्मण परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। इसलिए:

  • 50 लाख रुपये मुआवजा
  • परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी
  • मृतक की पत्नी को आजीवन पेंशन
  • दोनों बच्चों की शिक्षा का पूरा खर्च
  • जैसी मांगें पूरी किए बिना वे आंदोलन खत्म नहीं करेंगे।

धरने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुँचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा शुरू की। प्लांट गेट पर पुलिस बल तैनात किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक मुआवजे और सुरक्षा सुधार का ठोस आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक धरना जारी रहेगा।

👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix